देवल संवाददाता, मऊ। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों/निर्माण श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श हेतु श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के संबंध में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि मुख्य चिकित्साधिकारी,मऊ से समन्वय स्थापित कर दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि स्वास्थ्य शिविर के लिए चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी निर्धारित कर कैंप का आयोजन कराया जाएगा।सहायक श्रमायुक्त प्रभात सिंह द्वारा बताया गया कि गाजीपुर तिराहा,मऊ स्थित कारखानों तथा औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर के विभिन्न कारखानों में कार्यरत श्रमिक इस स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा सकते हैं। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सा परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य शिविर में श्रमिकों के रक्तचाप, पल्स रेट, शरीर का तापमान,वजन, बीएमआई,ऑक्सीजन सैचुरेशन, ब्लड शुगर,हीमोग्लोबिन, सीबीसी,मूत्र जांच आदि की जांच की जाएगी। इसके साथ ही उच्च रक्तचाप,मधुमेह एवं मोटापे सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्क्रीनिंग कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया जाएगा।प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत अधिक से अधिक श्रमिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए,ताकि श्रमिकों को समय से स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त हो सके।उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर अपने स्वास्थ्य का चिकित्सकीय परीक्षण अवश्य कराएं तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित कार्यस्थल की दिशा में जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।बैठक के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष उमाशंकर ओमर,श्रम विभाग से लईक अहमद,सतीश विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
