देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कैंप कार्यालय स्थित सभागार में एनकार्ड (NCORD) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा अगस्त माह में मादक पदार्थों, अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई की गहन समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध एवं जहरीली शराब के विरुद्ध निरंतर चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों एवं ड्रग्स के विरुद्ध भी लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शराब की दुकानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की नियमित जांच करने तथा दुकानों के बाहर सड़क की ओर भी सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी स्थिति में नाबालिग को शराब की बिक्री न हो।औषधि विभाग की समीक्षा के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा बताया गया कि अप्रैल माह से अब तक कुल 131 मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया गया है। जनपद में ढाई हजार से अधिक दुकानों के सापेक्ष निरीक्षण की संख्या कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को दुकान के अंदर के साथ-साथ दुकान के बाहर सड़क की ओर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शराब,मादक पदार्थों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी को नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्ति के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित करने को कहा।बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नामित नोडल एसीएमओ तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।जीआरपी द्वारा अगस्त माह में की गई कार्रवाई की समीक्षा के दौरान कोई भी मादक पदार्थ अथवा ड्रग्स संबंधी प्रकरण सामने न आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को ट्रेनों में मादक पदार्थों के विरुद्ध रैंडम एवं गहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब एवं ड्रग्स आदि की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर,अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार,समस्त उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
