देवल संवाददाता, बलिया में गुरुवार शाम करीब 4 बजे जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शहर के निर्माणाधीन बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। 48.28 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे बस स्टैंड के निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मजदूर, मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
2024 से चल रहा निर्माण, धीमी प्रगति पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड का निर्माण वर्ष 2024 से चल रहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने समय में काम की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने निर्माण कार्य को गति देकर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
नक्शा देखा, मौके पर चल रहे काम की जानकारी ली
डीएम ने बस स्टैंड के नक्शे का भी जायजा लिया और मौके पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी को निर्देश दिया कि पर्याप्त संख्या में मजदूर, मशीनरी और मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
एक सप्ताह में प्रवेश मार्ग बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बस स्टैंड में प्रवेश करने वाली सड़क का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यहां 30 मीटर चौड़ी सड़क और बड़ा गेट बनाया जाना है। उन्होंने सड़क निर्माण का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
15 दिन में जरूरी काम पूरे करने को कहा
जिलाधिकारी ने एजेंसी को अगले 15 दिनों में निर्माण से जुड़े जरूरी काम हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मौके पर काम की स्पष्ट प्रगति दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की रोजाना निगरानी करने को कहा।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण के दौरान काम में लापरवाही या प्रगति में कमी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
