देवल संवाददाता, आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हिस्सामुद्दीनपुर गांव निवासी मजदूर बसंत कनौजिया (उम्र लगभग 45 वर्ष), पुत्र स्व. मनफेर कनौजिया की सड़क हादसे में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बसंत कनौजिया बीते 20 सितंबर को मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कप्तानगंज तिराहे के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बसंत कनौजिया का लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक विवाहित और दूसरा अविवाहित है।
पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी रीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का भी दुख से बुरा हाल है। परिजनों ने शव का पंचनामा तैयार कराने के बाद अंबेडकर नगर के कम्हरिया घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
