देवल संवाददाता, बूढ़नपुर। जीएसएसपीजी कॉलेज, कोयलसा के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार सिंह के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर गुरुवार को उनके गृह महाविद्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उनके निर्वाचन की सूचना मिलते ही महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य पुरंजय सिंह चंदेल ने डॉ. दिनेश कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके साथ ही महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य पुरंजय सिंह चंदेल ने कहा कि डॉ. दिनेश कुमार सिंह की उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा और शिक्षक हितों से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग प्रदान करेगा।
डॉ. दिनेश कुमार सिंह लंबे समय से शिक्षक राजनीति एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। शिक्षकों ने उनके निर्वाचन को उनके संगठनात्मक अनुभव और शिक्षक हितों के प्रति सक्रियता की उपलब्धि बताया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद सहकर्मियों ने उम्मीद जताई कि वह विश्वविद्यालय के शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
स्वागत समारोह में प्रो. स्वास्तिक सिंह, डॉ. धीरेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. अनुराग मिश्रा, युवराज सिंह, जयराम यादव, रुपेश तिवारी, विनीत तिवारी, पीयूष, विपिन चतुर्वेदी, संजय पटेल, दुष्यंत, निखिल, साधना सहित महाविद्यालय के शिक्षक, बड़े बाबू अशोक, दिनेश, गौरव सिंह, आलोक सिंह, यशवंत सिंह समेत कर्मचारी एवं परिचारक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. दिनेश कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ सहयोग का भरोसा जताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
