देवल संवाददाता, मऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति, मऊ एवं मेरा भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में तत्वबोध इंटर कॉलेज में स्वच्छता ही सेवा विषय पर पेंटिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी रचनात्मक सोच और जागरूकता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पेंटिंग एवं नारा लेखन के माध्यम से विद्यार्थियों तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. एस.सी. तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। स्वच्छता केवल घर और सड़क तक सीमित नहीं है,बल्कि अस्पतालों, विद्यालयों,महाविद्यालयों तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भी समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से निकलने वाले चिकित्सीय अपशिष्ट (Medical Waste) का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर हम स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता,हाथों की स्वच्छता और साफ-सफाई को स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति,मऊ,डॉ. हेमंत यादव ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता जन-जागरूकता के अनेक प्रभावी माध्यम हैं,जिनमें नुक्कड़ नाटक,स्लोगन राइटिंग,पेंटिंग प्रतियोगिता,रंगोली निर्माण एवं रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। विद्यार्थियों में आज विकसित होने वाली स्वच्छता की आदतें भविष्य में उनके आचार, व्यवहार और विचारों का स्थायी हिस्सा बन सकती हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल प्रतियोगिताओं तक ही स्वच्छता के संदेश को सीमित न रखें,बल्कि अपने घर, विद्यालय,आसपास के क्षेत्र और समाज में स्वच्छता के दूत के रूप में कार्य करें।प्रतियोगिता के दौरान पेंटिंग एवं नारा लेखन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में से प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो के साथ नमामि गंगे की ओर से टी-शर्ट एवं कैप प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में रंजना कन्नौजिया,दीप्ति एवं शिवम गुप्ता ने निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में अपनी भूमिका निभाई।कार्यक्रम का संचालन MY Bharat Volunteer निखिल प्रजापति ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष पाण्डेय द्वारा किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में ओंकार यादव,अंकित सिंह,अवध बिहारी पाण्डेय एवं विभा शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता ही सेवा की शपथ लेते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
