कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय, अंबेडकरनगर के ईएनटी विभाग ने चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में आयोजित यूपी ईएनटी एसोसिएशन की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में मेडिकल कॉलेज के शोधपत्र को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव के निर्देशन तथा डॉ. चंद्रभान एवं डॉ. सुशील शर्मा के सहयोग से शोधपत्र तैयार किया गया। विभाग के पीजी रेजिडेंट डॉ. देबमाल्य चक्रवर्ती ने इस शोधपत्र को यूपी ईएनटी एसोसिएशन की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुत किया, जहां इसे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही ईएनटी विभाग के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव को यूपी ईएनटी एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी में एग्जीक्यूटिव सदस्य के रूप में चयनित किया गया है।
इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने ईएनटी विभाग के सभी चिकित्सकों एवं पीजी रेजिडेंट को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विभाग की सराहना की।
मेडिकल कॉलेज परिसर के अन्य चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने भी ईएनटी विभाग की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय मंच पर शोधपत्र को दूसरा स्थान मिलना एमआरए मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर के लिए गौरवपूर्ण क्षण है और इससे संस्थान की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई पहचान मिली है।
