कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मरीजों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर नगर की केंद्रीय प्रयोगशाला को अत्याधुनिक मशीनों, नवीनतम परीक्षण सुविधाओं एवं उन्नत तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। मंगलवार को केंद्रीय प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन माननीय प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह में CMS डॉ. बृजेश, डॉ. मुकेश राना, डॉ. अमित पटेल, डॉ. अजय सिंह, डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार शर्मा, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. मुकुल, डॉ. आशीष, डॉ. राजेश्वरी एवं डॉ. श्वेता सहित संस्थान के चिकित्सक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कई महत्वपूर्ण एवं विशिष्ट जांचें होंगी उपलब्ध
नई सुविधाओं के अंतर्गत केंद्रीय प्रयोगशाला में शीघ्र ही कई महत्वपूर्ण एवं विशिष्ट जांचें प्रारंभ की जाएंगी। इनमें Reticulocyte Count, hs-CRP, Procalcitonin (PCT), D-Dimer, Anti-TPO, Free PSA, Free T3, Alpha-Fetoprotein (AFP), CEA, CA-125, CA 19-9 एवं NT-proBNP जैसी आधुनिक जांचें शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 24 घंटे के मूत्र में प्रोटीन, Urinary Microalbumin, Microprotein तथा Urinary Albumin-Creatinine Ratio (UACR) जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही Thalassemia Profile जैसी विशिष्ट जांच भी प्रारंभ की जाएगी।
इन आधुनिक जांच सुविधाओं के शुरू होने से हृदय रोग, संक्रमण एवं सूजन संबंधी रोगों, थायरॉयड विकारों, प्रोस्टेट संबंधी रोगों, विभिन्न कैंसर के ट्यूमर मार्कर, गुर्दे से संबंधित रोगों तथा थैलेसीमिया सहित अनेक रोगों के निदान एवं उपचार की निगरानी में चिकित्सकों को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
केंद्रीय प्रयोगशाला के सुदृढ़ीकरण से मरीजों को कई विशिष्ट जांचों के लिए अन्य केंद्रों पर निर्भरता कम होगी। इससे रोगों के शीघ्र एवं सटीक निदान तथा बेहतर रोगी देखभाल को बढ़ावा मिलेगा और राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर नगर में आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय प्रयोगशाला के नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार गुप्ता एवं को-नोडल अधिकारी डॉ. आमोद कुमार ने बताया कि नई जांच सुविधाओं को शीघ्र ही चरणबद्ध रूप से मरीजों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का उद्देश्य संस्थान में ही अधिक से अधिक विशिष्ट, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
