देवल संवाददाता, मऊ। वित्तीय वर्ष 2026-27 में समाज कल्याण विभाग,पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा समय-सारिणी निर्धारित की गई है।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार पूर्व में मास्टर डाटा में त्रुटि,शिक्षण संस्थान स्तर पर आवेदन लंबित रहने, पीएफएमएस पर लंबित/रिजेक्टेड प्रकरण तथा ट्रांजेक्शन फेल होने सहित विभिन्न कारणों से वित्तीय वर्ष 2025-26 में पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं हो सका था। ऐसे पात्र छात्रों के प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही के लिए सक्षम स्तर से स्वीकृति प्रदान की गई है।वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 से 07 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा। 02 से 08 सितंबर तक विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा शुल्क आदि का सत्यापन,03 से 09 सितंबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा सत्यापन तथा 03 से 10 सितंबर तक विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा रिजल्ट अपडेट किया जाएगा। इसके बाद 16 से 18 सितंबर तक शिक्षण संस्थान स्तर से छात्रों के त्रुटिपूर्ण ऑनलाइन आवेदनों में सुधार तथा 17 से 19 सितंबर तक शिक्षण संस्थान द्वारा सत्यापित एवं पात्र डाटा अग्रसारित किया जाएगा।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य /प्रधानाचार्य से अपील की है कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूर्ण कराएं,ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
