देवल संवाददाता, मऊ। नगर पालिका परिषद मऊ के अंतर्गत भटकुला पट्टी स्थित वार्ड नंबर-17 में रास्ता निर्माण को लेकर कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज द्वारा जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी महोदय के समक्ष शिकायत की गई थी। जिला प्रशासन द्वारा शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके क्रम में रास्ता निर्माण का कार्य पूर्ण करा लिया गया। आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन द्वारा मौके पर पहुंचकर नवनिर्मित रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आसपास की गलियों का भी सर्वे कराकर आवश्यकतानुसार कार्रवाई करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की अन्य समस्याओं एवं मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा प्राप्त समस्याओं के नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने छात्रा समारा नाज से मुलाकात की तथा उसे साइकिल एवं चॉकलेट उपहार स्वरूप भेंट की। रास्ते का निर्माण पूर्ण होने और उपहार पाकर समारा नाज काफी प्रसन्न हुई। बच्ची एवं उसके परिजनों द्वारा जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान आसपास के स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में कराए गए कार्यों तथा जिलाधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेने और उनके समाधान के लिए दिए गए निर्देशों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी,नगर पालिका परिषद मऊ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने भटकुला पट्टी पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता का किया स्थलीय निरीक्षण
सितंबर 15, 2026
0
Tags
