देवल संवाददाता, गाजीपुर। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग उ0 प्र0 सरकार/जनपद प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों की अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जिलाध्यक्ष भाजपा ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से मंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की गई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों तथा विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने मन्त्री जी को अवगत कराया कि सभी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की पूर्व तैयारी, विभागवार कार्ययोजना, जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किये जा रहे है। प्रभारी मंत्री जी ने निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन सूची तैयार की जाए। साथ ही जनपद में विगत 9 वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों का विवरण, फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियों का डेटा तैयार किया जाए, ताकि अभियान के दौरान इन्हें प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाया जा सके। अभियान की कार्ययोजना में विकास कार्यों एवं लाभार्थियों के ‘पहले और बाद’ के बदलाव को भी प्रदर्शित करने पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज’ तथा ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत सायं 7 बजे दीप प्रज्वलन होगा। साथ ही ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगों को उपकरण, उद्यम विभाग द्वारा लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड, विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं यथासंभव मौके पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा बल्कि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्र तक प्रत्येक स्तर पर प्रभावी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे तथा प्रतिदिन की प्रगति को निर्धारित माध्यम पर दर्ज किया जाएगा। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस एवं माई भारत वॉलंटियर्स की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार-प्रसार दिए जाने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रभारी मन्त्री ने कहा कि जनपद के समस्त संभ्रांत नागरिकों, स्वयं सेवी, सहित अन्य के साथ समन्वय करते हुए आशीर्वाद का दिया के अंतर्गत अपने घरों में उस दिन दिया जलाने के लिए प्रेरित किया जाए। प्रभारी मंत्री जी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के पूर्व समस्त सरकारी भवनों एवं स्मारकों, गो आश्रय स्थलों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ़ सफाई की जाए। इसके साथ ही अनाथालय, वृद्धा आश्रम आदि जगहों पर भी अपनी सेवा अवश्य प्रदान करें। इसके साथ ही प्रमुख परियोजनाओं, स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएं, मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगिताओं में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाए, अखंड ज्योति निकाली जाए, सेवा मेरा योगदान अंतर्गत 25 तरह की गतिविधियां निर्धारित है इसमें सभी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जागरूक किया जाए। एनसीसी द्वारा मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्टार्टअप को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
