उत्तर सिक्किम के मंगन जिले में शनिवार देर रात से रविवार सुबह के बीच हुए बड़े भूस्खलन से तीस्ता और च्याकोङ नदियों का प्रवाह प्रभावित हुआ है।
भूस्खलन नागा वन क्षेत्र में नए नागा-तोंसा मार्ग की सड़क कटिंग के ऊपर, थेंग सुरंग के सामने च्याकोङ नदी के ऊपरी हिस्से में हुआ। यह स्थान ओसी भीर के सामने तीस्ता और च्याकोङ नदियों के संगम के पास स्थित है।
भूस्खलन के कारण पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया, जिससे दोनों नदियों के प्रवाह में आंशिक रुकावट पैदा हुई। कुछ समय के लिए तीस्ता नदी का प्रवाह भी प्रभावित हुआ।
हालांकि, फिलहाल तीस्ता का पानी सामान्य रूप से बह रहा है। भूस्खलन के बाद तीस्ता और च्याकोङ दोनों नदियों में पानी जमा हुआ है, लेकिन दोनों का प्रवाह पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।
अब तक किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। भूस्खलन से संपत्ति को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति और संभावित नुकसान का विस्तृत जायजा लिया जा रहा है।
पुलिस की लगातार निगरानी जारी
चुंगथांग पुलिस और थेंग चेकपोस्ट की टीमें मौके पर लगातार निगरानी कर रही हैं। सांकालांग ओपी और फिदांग ओपी में भी फिलहाल नदी का जलस्तर सामान्य बताया गया है, हालांकि पानी मटमैला है। दोनों स्थानों पर पुलिस और संबंधित कर्मियों को जलस्तर में किसी भी असामान्य बदलाव की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
निचले इलाकों में एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों को सतर्क करने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष को भी निर्देशित किया गया है। जिला प्रशासन की टीमें भूस्खलन वाले क्षेत्र के साथ-साथ तीस्ता नदी के पूरे प्रभावित हिस्से की लगातार निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन के अनुसार, मौके की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद स्थिति और नुकसान से संबंधित अधिक जानकारी सामने आएगी। मंगन क्षेत्र में मानसून के दौरान भूस्खलन और सड़क क्षति की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
