पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में पिछले कुछ सालों से स्थिरता देखने को नहीं मिली है। इसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा है और पाकिस्तान लगातार निराशाजनक खेल दिखा रहा है। लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद एक बार फिर कोचिंग स्टाफ में बदलाव देखने को मिला। पिछले पांच सालों में पाकिस्तान ने 11 कोच बदले हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद पीसीबी में अफरा-तफरी देखने को मिली। उन्होंने स्क्वाड में से सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया। इसके अलावा टेस्ट टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया। पाकिस्तान में स्थिरता देखने को नहीं मिलती और बीच सीरीज में ही उन्होंने बड़ा बदलाव कर दिया। 2021 में मिस्बाह उल हक के हटने के बाद से अब तक पाकिस्तान 11 कोच बदल चुका है। मिस्बाह ने सितंबर 2021 में अपना पद छोड़ा था।
पाकिस्तान के पांच सालों में बने 11 कोच
सितंबर 2021 के बाद से अब तक पाकिस्तानी टीम ने 11 कोच बदल दिए हैं। मिस्बाह के बाद सकलैन मुश्ताक ने इस पद को संभाला। वे 12 महीनों तक टीम के साथ रहे। उनके हटने के बाद अब्दुल रहमान अफगानिस्तान के खिलाफ एक सीरीज के लिए अंतरिम कोच बने थे। मई 2023 में ग्रांट ब्रैडबर्न को तीन सालों के अनुबंध पर हेड कोच बनाया गया लेकिन बाद में वे भी इस पद को छोड़कर चले गए थे।
नवंबर 2023 में मोहम्मद हफीज को कोच बनाया गया, जो ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे तक ही टीम के साथ रहे। अजहर महमूद को अप्रैल 2024 में हेड कोच बनाया गया, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए कमान संभाली। उस वक्त पीसीबी परमानेंट कोच की तलाश में था और इस वजह से वे अंतरिम कोच बने। पीसीबी ने अप्रैल में ही जैसन गिलेस्पी और गैरी कस्टर्न को कोच बनाया। गिलेस्पी टेस्ट के कोच बने, जबकि कस्टर्न वनडे और टी20 टीम देख रहे थे। कस्टर्न 2024 टी20 विश्व कप के हटा दिए गए, जबकि दिसंबर 2024 में गेलस्पी ने खुद पद छोड़ दिया।
नवंबर 2024 में आकिब जावेद, जो सेलेक्शन कमेटी में थे, उन्होंने हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, वे एक महीने के लिए ही इस पद पर रहे। मई 2025 में माइक हेसन को सफेद गेंद की क्रिकेट का हेड कोच बनाया गया। अब वे इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच से रेड बॉल की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। जून 2025 में अजहर महमूद की एक बार फिर हेड कोच के तौर पर वापसी हुई। अप्रैल 2026 में सरफराज को हेड कोच बनाया गया, जिन्हें अब हटा दिया गया है।
पाकिस्तान ने बदले सात खिलाड़ी
इंग्लैंड के खिलाफ 9 सितंबर से होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान ने सात खिलाड़ियों को घर वापस भेज दिया है। इसमें विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक और सलमान अली आगा जैसे नाम शामिल हैं।
