देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 16 सितंबर। क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित बुधवार परेड एवं रजिस्टर पेशी का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और परेड की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के प्रति सजग रहते हुए अनुशासन एवं कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए। इसके बाद रजिस्टर पेशी के दौरान विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया गया और उनके अद्यावधिक एवं व्यवस्थित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिस बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, स्वच्छता, पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को परिसर में बेहतर साफ-सफाई एवं अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
