प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में जिला पंचायत निधि से निर्मित नक्षत्रशाला लैब का प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माननीय कैबिनेट मंत्री, पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने माननीय प्रशासक जिला पंचायत श्री श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा के साथ तहसील अकबरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में जिला पंचायत निधि से निर्मित नक्षत्रशाला लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया।
शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रभावी एवं अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नक्षत्रशाला लैब के माध्यम से विद्यालय के बच्चों को खगोलीय घटनाओं, ग्रहों, नक्षत्रों एवं अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित विषयों को रुचिकर एवं व्यवहारिक ढंग से समझने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रभारी मंत्री ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नक्षत्रशाला लैब का अवलोकन किया तथा वहां स्थापित दूरदर्शी (टेलीस्कोप) सहित विभिन्न उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के अध्यापकों को निर्देशित किया कि नक्षत्रशाला लैब का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करते हुए बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित की जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा उपलब्ध आधुनिक शैक्षिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आधुनिक शैक्षिक संसाधन बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिलाध्यक्ष सुभासपा सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
