देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 22 सितंबर। जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा सभी कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए अभियान की गतिविधियों को निर्धारित समय में प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला कार्यक्रम एवं बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गांवों में पेयजल आपूर्ति का होगा स्थलीय सत्यापन
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि टीम गठित कर गांवों में जल जीवन मिशन के तहत हो रही पेयजल आपूर्ति का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
विद्यालयों की नियमित जांच के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में भवन, कक्ष आदि से संबंधित आवश्यक कार्यों को जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कराने की प्रक्रिया चल रही है।
पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : संजीव कुमार गौड़
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विकास कार्यों एवं योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों का तत्काल निराकरण कराने तथा सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन हो : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाएगी और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
