देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र।एक्शन एड द्वारा छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान निर्मल इंटर कॉलेज, खलियारी में “आओ मिलकर छात्रवृत्ति पाएँ” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मानवाधिकार रक्षक कमलेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की मार्कशीट, बैंक खाता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सही एवं अद्यतन होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से दस्तावेजों को समय से तैयार रखने तथा छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की।
कमलेश कुमार ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। छात्रवृत्ति योजनाएं विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति एवं अन्य शैक्षिक योजनाओं की जानकारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने कहा कि हर पात्र बच्चे को छात्रवृत्ति मिलना उसका अधिकार है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि एक्शन एड द्वारा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के प्रति जागरूक करने की पहल सराहनीय है और इससे बच्चों को समय पर आवेदन करने तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने छात्रवृत्ति से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी दी गई।
