देवल संवाददाता, मऊ। शासन द्वारा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जारी की गई मासिक रैंकिंग में जनपद मऊ ने उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बताया कि जनपद की समग्र रैंकिंग में बड़ी प्रगति हुई है। माह मई में 53वें स्थान पर रहा जनपद अब माह अगस्त की रैंकिंग में 33वें स्थान पर पहुंच गया है।उन्होंने बताया कि राजस्व कार्यों की रैंकिंग में भी जनपद ने बेहतर प्रदर्शन किया है। माह मई में 69वें स्थान से सुधार करते हुए जनपद 45वें स्थान पर पहुंच गया है। इसी प्रकार विकास कार्यों की रैंकिंग में माह मार्च में 32वें स्थान की तुलना में अब जनपद 28वें स्थान पर है।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग में और सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।विकास कार्यों की रैंकिंग में 59 कार्यक्रमों में ए श्रेणी, 3 कार्यक्रम में बी श्रेणी, 3 कार्यक्रम में सी श्रेणी तथा 1 कार्यक्रम में डी श्रेणी में रहा। जिलाधिकारी ने ए श्रेणी में आने वाले विभागों को अपनी स्थिति बनाए रखने तथा बी,सी एवं डी श्रेणी वाले विभागों को विशेष प्रयास कर प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह को उपलब्ध कराये जाने वाले सी आई एफ फण्ड योजना विगत कई माह से सी श्रेणी में थीं,लेकिन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप माह अगस्त में ए श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसी गति को बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की धीमी प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र योजना से लाभान्वित कराते हुए इसकी रैंकिंग में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने डी श्रेणी में आने वाले विभागों को कार्ययोजना बनाकर शीघ्र ए श्रेणी में पहुंचने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन पेंशन के 14,114, निराश्रित महिला पेंशन के 36,611 तथा वृद्धावस्था पेंशन के 57,016 लाभार्थियों को समय से पेंशन आहरित कराने तथा संबंधित योजनाओं की प्रगति में सुधार लाकर ए श्रेणी प्राप्त करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने से जनपद की रैंकिंग में और सकारात्मक सुधार आएगा।
