कप्तान ईशान किशन (39*) और वैभव सूर्यवंशी (40) की उम्दा पारियों के दम पर ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। बेंगलुरु के सीओई ग्राउंड पर ईस्ट जोन ने सेमीफाइनल में गत चैंपियन सेंट्रल जोन को 4 विकेट से मात दी। ईस्ट जोन के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने मैच में कुल सात विकेट चटकाए।
बता दें कि सेंट्रल जोन ने पहले बल्लेबाजी करके अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए। जवाब में ईस्ट जोन की पारी भी 266 रन पर सिमटी। इसके बाद सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर ऑलआउट हो गई। 159 रन के लक्ष्य को ईस्ट जोन ने 39.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर हासिल किया।
मुकेश कुमार की घातक गेंदबाजी
सेंट्रल जोन ने मंगलवार को अपनी पारी 45/3 के स्कोर से आगे बढ़ाई। अभिजित सरकार ने दिन की पहली सफलता दिलाते हुए आर्यन पांडे (10) को अपना शिकार बनाया। जल्द ही यश राठौड़ (5) को शमी ने एलबीडब्ल्यू आउट करके सेंट्रल जोन को पांचवां झटका दिया।
अमन मोखड़े और रिंकू सिंह ने छठे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। 95 रन के स्कोर पर सेंट्रल जोन को दो तगड़े नुकसान हुए। ओपनर अमन मोखड़े (41) और रिंकू सिंह (20) को क्रमश: मुकेश कुमार और कुनैन कुरैशी ने अपना शिकार बनाया। सारांश जैन (1) को मुकेश कुमार ने पवेलियन चलता किया।
तू चल मैं आया की तर्ज पर खेल रही सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर सिमटी। ईस्ट जोन की तरफ से मुकेश कुमार ने 44 रन देकर चार विकेट झटके। मोहम्मद शमी को तीन विकेट मिले। अभिजित सरकार, अनुकूल रॉय और मोहम्मद कुनैन कुरैशी के खाते में एक-एक विकेट आया।
किशन और वैभव का बल्ला बोला
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट जोन को वैभव सूर्यवंशी (40) और अभिमन्यु ईस्वरन (24) ने 61 रन की साझेदारी करके दमदार शुरुआत दिलाई। यश ठाकुर ने वैभव का कैच रजत पाटीदार के हाथों कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। जल्द ही हर्ष दुबे ने ईस्वरन को पाटीदार के हाथों कैच आउट कराकर ईस्ट जोन को दूसरा झटका दिया।
दुबे ने विराट सिंह (12) और कुमार कुशाग्र (22) को आउट करके सेंट्रल जोन की वापसी कराई, लेकिन कप्तान ईशान किशन ने एक छोर संभाला और ईस्ट जोन को जीत दिलाकर ही दम लिया। किशन ने 41 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए।
वैभव ने 43 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाए। सेंट्रल जोन की तरफ से हर्ष दुबे ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। यश ठाकुर और सारांश जैन को एक-एक विकेट मिला।
