वेस्टइंडीज के लिए भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज आसान नहीं रहने वाली है। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जो विंडीज के लिए काफी अहम होगी। वर्ल्ड कप 2027 के लिए वेस्टइंडीज की टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकी है। भारत के खिलाफ अगर वे सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाते हैं, तो भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएंगे।
इसके अलावा विंडीज की टीम भारत की सरजमीं पर 24 सालों से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीत सकी है। टीम के हेड कोच डैरन सैमी के लिए भी कठिन चुनौती होने वाली है कि टीम को भारत में जीत दिलाएं। कोच सैमी भी विश्व कप से पहले अपनी टीम की ये सबसे बड़ी परीक्षा मान रहे हैं।
वेस्टइंडीज लगातार तीसरी बार नहीं कर सकी सीधा क्वालीफाई
विंडीज की टीम ने 2019 विश्व कप, जो इंग्लैंड में खेला गया था, उसके लिए क्वालीफाइंग राउंड खेलने के बाद क्वालीफाई किया था। इसके बाद भारत की मेजबानी में खेले गए 2023 विश्व कप के लिए वे क्वालीफाइंग राउंड खेलने के बाद भी क्वालीफाई नहीं कर सके। अब लगातार तीसरी बार है कि वे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके हैं। उन्हें एक बार फिर क्वालीफाइंग राउंड खेलना पड़ेगा।
इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे में हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो विंडीज की टीम अधिक पीछे नहीं है। दोनों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई देती है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 142 वनडे मैच खेले गए हैं। इस दौरान 72 मैचों में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि विंडीज टीम ने भी 64 मुकाबवलों में बाजी मारी है। दो मैच टाई रहे हैं, तो वहीं 4 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला है।
