देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामिया गैंगलीडर शौकत अली को बिहार के भभुआ जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शौकत अली पुत्र स्व. सहाबुद्दीन, निवासी ग्राम हरभोग, थाना अधौरा, जनपद भभुआ (बिहार), उम्र करीब 40 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना रामपुर बरकोनिया में मुकदमा अपराध संख्या 45/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानतीय वारंट एवं उद्घोषणा की आदेशिका भी जारी की गई थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सोनभद्र के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
आपराधिक इतिहास के अनुसार उसके खिलाफ थाना रामपुर बरकोनिया में वर्ष 2025 का गोवध निवारण अधिनियम का मुकदमा, वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा तथा थाना मांची में वर्ष 2023 का गोवध निवारण एवं पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना रायपुर के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, थाना मांची के प्रभारी निरीक्षक चन्द्रशेखर सिंह, थाना रामपुर बरकोनिया के थानाध्यक्ष रामसिंहासन शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह समेत तीनों थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
