देवल संवाददाता, आजमगढ़। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज थाना पुलिस ने शातिर आरोपी को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, अयोध्या, गोण्डा और प्रतापगढ़ में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत 6 सितंबर 2026 को जहानागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मो. तालिब उर्फ तालिव उर्फ छोटू पुत्र फिरोज अहमद, निवासी पिठापुर, थाना अहरौला, आजमगढ़, उम्र करीब 30 वर्ष को जलालपुर हरिजन बस्ती के पास से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर जहानागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ आजमगढ़ के अलावा अयोध्या, गोण्डा और प्रतापगढ़ जनपद में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न अपराधों से संबंधित कुल 15 अभियोग पंजीकृत हैं।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, कांस्टेबल रवि कन्नौजिया और रिजर्व कांस्टेबल अर्पित दुबे, थाना जहानागंज शामिल रहे।
