आमिर, देवल ब्यूरो ,सुरेरी । जौनपुर सुरेरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो को लेकर मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। ऑडियो में विधायक डॉ. आर.के. पटेल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने सुरेरी थाने का घेराव किया और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को अपना दल (एस) के विधानसभा अध्यक्ष सभाजीत पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुरेरी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए। उनका आरोप है कि ऑडियो में मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया है, अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ है और जान से नुकसान पहुंचाने जैसी धमकी भी दी गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की कथित बातचीत से विधायक की सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि यदि वायरल ऑडियो वास्तविक है तो इससे विधायक की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत में रामपुर निस्फी के प्रधान प्रतिनिधि संजय यादव तथा उनके भाई विनोद यादव का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि संजय यादव अपने लाइसेंसी असलहे का कथित रूप से प्रदर्शन कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाते हैं और विरोध करने वालों को धमकी देते हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन्हें जांच का विषय मान रही है।
थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सभाजीत पटेल की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल ऑडियो की सत्यता, उसमें सुनाई देने वाली आवाजों की पहचान तथा सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुनीता वर्मा, प्रदेश सचिव (युवा मंच) उदय प्रताप पटेल, राकेश मिश्रा उर्फ मुन्ना, एडवोकेट राम विलास यादव, मंगेश यादव, जय सिंह, जिलेदार पटेल, ए. सरोज वर्मा, भोला सरोज, गुड्डी गौतम, अजीत पटेल, योगेंद्र पटेल, अशोक पटेल, कन्हैया लाल पटेल, बबलू सरोज, सार्जन पटेल, रवि गुप्ता, कन्तु गौन, विनय दूबे, तूफानी पटेल, राजेश पटेल, चांदनी सरोज, सुनील पटेल, रविंद्र पटेल उर्फ डब्बू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
