आमिर, देवल ब्यूरो ,मड़ियाहूं । जौनपुर सावन माह में निकली कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को मड़ियाहूं कस्बे के गोला बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं के साथ चल रहा एक विशालकाय डीजे अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे एक मकान की ओर झुक गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों और डीजे कर्मियों की सूझबूझ से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। ट्रैक्टर पर लगाए गए विशाल डीजे को गोला बाजार की संकरी सड़क से निकाला जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर डीजे का संतुलन बिगड़ गया और वह एक ओर झुकने लगा। यह दृश्य देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए यात्रा भी रुक गई और लोगों ने दौड़कर डीजे को संभालने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और चालक की सावधानी के चलते डीजे को दोबारा संतुलित कर लिया गया। इसके बाद यात्रा को सुरक्षित आगे बढ़ाया गया। घटना में किसी श्रद्धालु, राहगीर या स्थानीय निवासी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे की आशंका से मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने धार्मिक जुलूसों में इस्तेमाल होने वाले अत्यधिक ऊंचे और भारी-भरकम डीजे वाहनों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले और संकरे बाजारों में इस तरह के बड़े डीजे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसे वाहनों की ऊंचाई, चौड़ाई, सुरक्षा मानकों और मार्ग का पहले से परीक्षण कराया जाए तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे।
.jpeg)