देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा भंवरनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालु की चेन चोरी करने का प्रयास कर रही एक महिला को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की चेन बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के खिलाफ आजमगढ़ और मऊ जनपद में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को मातनपुर गांव निवासी राजेश यादव अपनी पत्नी मनोरमा देवी के साथ बाबा भंवरनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला ने मनोरमा देवी के गले से चेन काटने का प्रयास किया। महिला की हरकत का पता चलते ही मनोरमा देवी और मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालु महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से चेन भी बरामद कर ली गई।
मामले में राजेश यादव की तहरीर पर कंधरापुर थाने में मु0अ0सं0 198/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेंद्र विक्रम सिंह कर रहे हैं।
मंदिर परिसर से महिला गिरफ्तार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कंधरापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता खुशबू पत्नी रितेश उर्फ दीपक, निवासी संसार पट्टी, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर, उम्र करीब 20 वर्ष को बाबा भंवरनाथ मंदिर परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को चेन चोरी करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया था। उसके कब्जे से एक पीली धातु की चेन, जिसकी कीमत करीब एक हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुई।
मऊ में भी दर्ज है चोरी का मुकदमा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के खिलाफ आजमगढ़ के कंधरापुर थाने के अलावा मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद थाने में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह और महिला आरक्षी अनीता गुप्ता शामिल रहीं। पुलिस द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
