देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन के फर्जी बैनामे के एक मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि ₹3.50 लाख की रकम लेकर जमीन के असली मालिक गोविन्द की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कराकर बैनामा करा दिया गया। मामले की विवेचना में नाम सामने आने के बाद पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त 2026 को हूँसेपुर सनूप निवासी महिला ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके जेठ संजय सिंह से ग्राम मादेपुर निवासी गोविन्द पुत्र झूरी की पत्नी और प्रेमा पत्नी रोहित ने जमीन बेचने की बात कही थी। बताया गया था कि बच्चे के इलाज और अन्य जरूरी कामों के लिए उन्हें पैसों की जरूरत है।
जमीन गाटा संख्या 746, रकबा 0.417 हेक्टेयर बताई गई। सौदा ₹3.50 लाख में तय हुआ। इसके बाद रकम गोविन्द पुत्र झूरी के खाते में जमा कराई गई और कुछ धनराशि नकद भी दी गई।
बैनामे के समय सामने आया फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपियों ने बैनामा कराने के लिए तीन दिन का समय मांगा। निर्धारित समय पर जब बैनामा कराया गया तो वास्तविक गोविन्द की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर दिया गया।
आरोप है कि फर्जी व्यक्ति की फोटो लगाकर बैनामा कराया गया। इस दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी समेत जरूरी सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी कराई गई और जमीन का बैनामा करा दिया गया।
बाद में वादिनी को जानकारी हुई कि वास्तविक गोविन्द की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा कराकर फर्जी तरीके से बैनामा कराया गया है। इसके बाद कप्तानगंज थाने में मु0अ0सं0 248/2026, धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना में सामने आए आरोपियों के नाम
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमा पत्नी रोहित और सत्यम विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों को मंगलवार 11 अगस्त 2026 को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
प्रेमा पत्नी रोहित, निवासी ग्राम मादेपुर, तहसील बूढ़नपुर, आजमगढ़।
सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी, आजमगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल बबीता पासवान और कांस्टेबल बृजेश गौड़ शामिल रहे।
