आमिर, देवल ब्यूरो ,खुटहन (जौनपुर)। अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुटहन पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार वारंटियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने पिलकिछा नकबी निवासी संजय बिंद, हिसामुद्दीनपुर निवासी विपिन बिंद, भिवरहाँ खुर्द निवासी देवनाथ शर्मा तथा गौरा निवासी साहबलाल सोनकर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था, जिसके अनुपालन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खुटहन पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
