आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में विशेष साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देश पर नगर निकायों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों की टीमों ने मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया।
अभियान के तहत मंदिर परिसर, संपर्क मार्ग, प्रवेश द्वार, जलनिकासी व्यवस्था तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई गई। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, कूड़ेदान, जलभराव की रोकथाम, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त कराया गया। प्रशासन ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में मंदिर परिसरों का नियमित निरीक्षण किया जाए। जहां कहीं भी साफ-सफाई या अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे श्रावण मास के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि कांवड़ियों और दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
