आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद इकाई जौनपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पत्रकार संघ भवन में जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 16 अगस्त को प्रस्तावित एक दिवसीय पत्रकार सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी को सफल और यादगार बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने कहा कि यह सम्मेलन संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसे सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जा सकता है।
संरक्षक डॉ. राम सिंगार शुक्ल 'गदेला' ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने संजय अस्थाना के नेतृत्व में जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस स्तर की तैयारियां की जा रही हैं, वैसा आयोजन जौनपुर में कई दशकों बाद देखने को मिलेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन के इस महत्वपूर्ण आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
उपाध्यक्ष प्रमोद जायसवाल ने कहा कि सम्मेलन केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है। सभी साथियों को इसे अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता मानते हुए पूरी मेहनत और ईमानदारी से आयोजन की सफलता में योगदान देना चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी में जनपद के वरिष्ठ पत्रकारों, प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह करेंगे।
बैठक के दौरान क्राइम प्वाइंट साप्ताहिक समाचार पत्र की संपादिका श्रीमती कमलेश गुप्ता ने संगठन की कार्यशैली से प्रभावित होकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उनके समाचार पत्र के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी गईं।
बैठक में देवेंद्र खरे, आर.पी. सिंह, अखिलेश यादव, दया शंकर निगम, सतीश चंद्र शुक्ल, अभिषेक सिंह, कमलेश कुमार, विनोद यादव, राजेश गुप्ता, रतन लाल, विद्याधर राय, अमित निगम, श्याम रतन श्रीवास्तव, इकराम अंसारी, सोनू उपाध्याय, अखिलेश श्रीवास्तव, विशाल सोनकर, बख्तियार आलम, दानिश इकबाल, चंद्र प्रकाश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक का संचालन महासचिव लक्ष्मी नारायण मौर्य ने किया।
