देवल संवाददाता, मऊ। खेल निदेशालय,उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय, मऊ द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम,मऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता (01 से 08 अगस्त, 2026) के अंतर्गत सोमवार को कुल सात रोमांचक मुकाबले खेले गए। सभी टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना एवं शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।दिन का पहला मुकाबला बरेली एवं अलीगढ़ मंडल के बीच खेला गया,जिसमें बरेली ने नीरज के दो तथा आदिल के तीन गोलों की बदौलत अलीगढ़ को 5-0 से पराजित किया।दूसरे मैच में आगरा एवं मिर्जापुर मंडल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम क्षणों में ऋषभ के शानदार गोल की बदौलत आगरा ने 2-1 से जीत दर्ज की।तीसरे मुकाबले में गोरखपुर मंडल ने बस्ती मंडल को 1-0 से हराया। गोरखपुर की ओर से रोहतम ने विजयी गोल किया।चौथे मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर मंडल को 8-0 से शिकस्त दी।पांचवें मुकाबले में वाराणसी मंडल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए चित्रकूट मंडल को 10-0 से पराजित किया। वाराणसी की ओर से अफ्रीदी,गोविंद एवं अभिषेक ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।छठे मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने इकराम,अभिषेक एवं मिथिलेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत देवीपाटन (गोंडा) मंडल को 6-0 से हराया।दिन के अंतिम मुकाबले में लखनऊ मंडल ने कानपुर मंडल को 2-0 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।प्रतियोगिता के दौरान जय प्रकाश सिंह उप क्रीड़ाधिकारी आजमगढ़,ओमेन्द्र सिंह अध्यक्ष जिला ओलंपिक संघ मऊ,हाजी मुन्नौवर अली सचिव जिला फुटबॉल संघ मऊ,शकील अहमद,इरशाद अहमद,हामिद नूरुल होदा,जाफर इकबाल, लल्लन,राजीव कुमार जायसवाल,अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ,रितेश दास,सोनिया कुमारी,रीमा यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर क्रीड़ाधिकारी मऊ डी.पी. सिंह ने प्रतियोगिता में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों,खेल प्रेमियों एवं जनपदवासियों का खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा आगामी मुकाबलों में भी इसी प्रकार सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने का अनुरोध किया।
