देवल संवाददाता,सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी है। स्कूल बंद करवाने वाले भाजपा नेता और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनाने वालों के खिलाफ ईडी की छापेमारी कर रहे हैं, जिससे कि उनके 1-2 फीसदी बचे हुए सांप्रदायिक व संकीर्ण सोच के समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं। जबकि, उन भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो तमाम आपराधिक कांडों में संलिप्त हैं।
अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में राममंदिर के चोर, सत्ता सजातीय अपराधी, कोडीन कांडी, भाजपाकाल में निर्मित बदहाल बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, हिचकोले वाला पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, दरारी ग्रीन कॉरीडोर के लिए जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इन्हें सत्ता का संरक्षण है।
ई-20 पर फिर उठाया सवाल
अखिलेश यादव ने कहा है कि ई-20 पेट्रोल पर सरकार या सलाहकार में कौन सही है। मिलावटी पेट्रोल ई- 20 से खराब हुई गाड़ियों को खींचकर ले जाने वाले बाइक-कार वाले पूछ रहे हैं, एक तरफ तो सरकार कह रही है ई-20 में सब ठीक है, तो दूसरी तरफ सलाहकार कह रहे हैं कि ई- गाड़ियों के लिए नुकसानदेह है। भाजपा सरकार ई-20 के परिणाम भुगत रही आम जनता से सीधे संवाद करके क्यों नहीं पूछ लेती की सच क्या है।
