कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जिला अस्पताल में इलाज की कागजी व्यवस्था अब डिजिटल सिस्टम में बदली जा रही है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत मरीजों का पंजीकरण, जांच, उपचार और डिस्चार्ज तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज होगी। अस्पताल पहुंचने पर मरीज की आभा आईडी (ABHA ID) बनाई जाएगी और ऑनलाइन टोकन जारी होगा। इसी टोकन के आधार पर मरीज डॉक्टर के पास पहुंचेगा। चिकित्सक द्वारा दी गई सलाह, जांच और दवाओं की जानकारी भी डिजिटल रिकॉर्ड में सुरक्षित रहेगी। ओपीडी, इमरजेंसी, भर्ती और डिस्चार्ज जैसी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन किया जा रहा है। इससे मरीजों को बार-बार पुराने पर्चे और रिपोर्ट साथ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डिजिटल रिकॉर्ड के जरिए मरीज के पुराने इलाज की जानकारी आसानी से मिल सकेगी, जिससे डॉक्टरों को उपचार में सुविधा होगी और समय की बचत होगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएन यादव के अनुसार, सिस्टम लागू करने के लिए चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नई व्यवस्था से अस्पताल की सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित होंगी।
आयुष्मान डिजिटल मिशन के तहत अस्पताल सेवाएं ऑनलाइन, मरीजों को नहीं लानी होगी पुरानी पर्ची और रिपोर्ट
अगस्त 21, 2026
0
Tags
