आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े एक फेरी लगाकर बिस्कुट बेचने वाले व्यक्ति पर आधा दर्जन दबंगों ने हमला कर उसे बेरहमी से पीट दिया। हमलावर उसे सड़क पर अधमरा छोड़कर फरार हो गए। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय गुलाब पाल, पुत्र राजदेव पाल, रोज की तरह साइकिल पर बिस्कुट लादकर शहर में फेरी लगाने जा रहे थे। बुधवार की शाम करीब चार बजे वह भंडारी रेलवे स्टेशन के पास माल गोदाम रोड पर पहुंचे ही थे कि तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार लगभग आधा दर्जन युवकों ने उन्हें घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले गुलाब पाल को साइकिल से नीचे गिराया और फिर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बीच सड़क हो रही मारपीट से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। दबंग तब तक हमला करते रहे, जब तक गुलाब पाल बेहोश होकर सड़क पर नहीं गिर गए। इसके बाद सभी आरोपी मौके से चौकियां की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भंडारी चौकी प्रभारी जयदीप कुमार कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घायल गुलाब पाल ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं है। वह वर्षों से साइकिल पर बिस्कुट बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बिना किसी कारण के पीटा गया है और हमलावरों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
बताया जा रहा है कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस की ओर से कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
.jpeg)