आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को एक युवती ने जलालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि गांव का रहने वाला एक युवक लंबे समय से शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने विवाह करने की बात कही तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। प्रकरण की जांच महिला उपनिरीक्षक चिन्ता राय को सौंपी गई।
जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर विशाल चौधरी (25 वर्ष) निवासी नेवादा, थाना जलालपुर को जनहित स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
