आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा । जौनपुर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पतहना गांव निवासी सुरेंद्र गौतम की पांच वर्षीय पुत्री सान्वी गौतम घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह ऐसे पंखे की चपेट में आ गई, जिसमें करंट उतर आया था। करंट लगते ही बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए।
बताया जाता है कि जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजन उम्मीद में उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे की सूचना पूरे गांव में फैलते ही लोगों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर पहुंच गई और सभी ने शोक संवेदना व्यक्त की।
इस संबंध में सरायख्वाजा थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
