देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। घोरावल विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज बाजार में रविवार को डॉ. सोनेलाल पटेल की स्मृति में स्वाभिमान सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. सोनेलाल पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम भरोसे सिंह पटेल ने की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता डॉ. ओपी मौर्य, श्याम बिहारी यादव, मोहन बिहारी, संतोष पटेल, त्रिपुरारी गोंड, राजेश विश्वकर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल, कृष्णकांत पटेल, मीना विश्वकर्मा तथा अपना दल की नेत्री गुड़िया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में राम भरोसे सिंह पटेल ने डॉ. सोनेलाल पटेल के साथ 23 अगस्त 1999 को हुई कथित ज्यादती और अत्याचार का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक कमजोरों और मजलूमों की सत्ता में भागीदारी नहीं होगी, तब तक व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान है, नौजवान रोजगार और नौकरी को लेकर चिंतित है तथा मरीज बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहे हैं। महंगाई के दौर में कमजोर वर्ग के लोगों के लिए जीवन-यापन कठिन होता जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह ने डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमजोर और वंचित समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।
मुख्य वक्ता सपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल का सपना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को शिक्षित और संगठित कर उन्हें सत्ता में भागीदारी दिलाना था। उन्होंने कहा कि जब तक पढ़ा-लिखा और जागरूक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक उनके विचारों को आगे बढ़ाना संभव नहीं है।
वक्ताओं ने किसान, खाद, बिजली, पानी, रोजगार और स्वास्थ्य व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में वर्तमान सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन लवकुश पटेल ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
