देवल संवाददाता, अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी अवधेश यादव पुत्र रामनयन यादव ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुश्तैनी आबादी की जमीन पर कब्जा करने, पेड़ कटवाने तथा सरकारी चकमार्ग पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस और प्रशासन से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने की बात कहते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।
अवधेश यादव का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी आबादी की जमीन पर सात आम के पेड़, एक अमरूद सहित अन्य पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि विपक्षी अनिल यादव पुत्र चंद्रभान यादव, अभिषेक यादव पुत्र अनिल यादव तथा अनुराग यादव पुत्र अरुण यादव द्वारा जमीन पर गोबर रखकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान उसके पेड़ों को जबरन कटवाकर ट्रैक्टर से खिंचवा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास उपलब्ध है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके घर के बगल में विपक्षियों द्वारा मुर्गी फार्म संचालित किया जा रहा है, जिससे निकलने वाली दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। अवधेश यादव का कहना है कि दुर्गंध के कारण उनके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इसके अलावा पीड़ित ने सरकारी चकमार्ग पर भी कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाया गया, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा कब्जा कर लिया गया।
अवधेश यादव के अनुसार, उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस तथा एसडीएम से भी की, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन और सरकारी चकमार्ग से कब्जा हटवाने, पेड़ कटवाने के मामले में कार्रवाई करने तथा मुर्गी फार्म से हो रही परेशानी का समाधान कराने की मांग की है।
