भारतीय क्रिकेट टीम इस महीने श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के हिसाब से काफी अहम है और उतना ही अहम होगा दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का रोल। श्रीलंका में पिचें स्पिन की मददगार हैं और इसलिए जडेजा की अहमियत भारत के लिए बढ़ जाती है।
जडेजा श्रीलंका के लिए खतरा साबित होंगे और इसका कारण है उनका बदला हुआ रूप। ये बात हम नहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज और लंबे समय तक जडेजा के साथ खेलने वाले चेतेश्वर पुजारा कह रहे हैं। पुजारा ने जडेजा की मानसिकता में बदलाव के एक बारीक पहलू को उजागार किया है जिससे बाएं हाथ का ये स्पिनर और खतरनाक हो गया है।
जडेजा ने किया बदलाव
पुजारा के मुताबिक, जडेजा पहले रन रोकने वाली गेंदबाजी करते थे, लेकिन अब वह विकेटों के लिए जाते हैं। पुजारा ने जियोस्टार के शो पर बात करते हुए कहा, "पहले रवींद्र जडेजा जब गेंदबाजी करते थे तो उनकी मानसिकता रहती थी कि उन्हें रन नहीं देने हैं। अगर पिच से थोड़ी बहुत मदद मिलती थी तो वह विकेट के लिए जाते थे, लेकिन अगर पिच गेंदबाजों के मुफीद नहीं रहती थी तो उनका फोकस रन रोकने पर रहता था।"
उन्होंने कहा, "लेकिन अब वह अपनी ही ताकत को समझ गए हैं और वह उसके हिसाब से गेंदबाजी कर रहे हैं। हर मैच में वह गेंद को स्टम्प की लाइन में गिराने और बल्लेबाज को आउट करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले उनकी मानसिकता थोड़ी डिफेंसिव होती थी, लेकिन अब वह हर गेंद को विकेट लेने के लिए फेंक रहे हैं। "
श्रीलंका में साबित होंगे अहम
श्रीलंका की पिचें स्पिन की मददगार हैं और जडेजा के पास वहां खेलने का अनुभव भी है। इसके अलावा वह टीम में सबसे अनुभवी स्पिनर के तौर पर श्रीलंका जा रहे हैं। ऐसे में वह स्पिन विभाग के अगुआ होंगे। जडेजा की फिरकी अगर चल गई तो वह श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी परेशानी साबित होंगे। टीम के कप्तान शुभमन गिल यही चाहेंगे कि जडेजा अपना रंग दिखाएं और टीम को जीत दिलाएं।
