आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। जौनपुर जफराबाद नगर पंचायत कजगांव में बारिश के दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सफाईकर्मियों को मौसम की मार से बचाने के लिए शुक्रवार को विशेष पहल की गई। नगर पंचायत चेयरमैन फिरोज अहमद खान ने नगर पंचायत में तैनात 66 सफाईकर्मियों को रेनकोट वितरित किए। रेनकोट मिलने पर सफाईकर्मियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
चेयरमैन फिरोज अहमद खान ने कहा कि बरसात के मौसम में सफाईकर्मियों को वार्डों में काम करने के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लगातार बारिश के बीच भी सफाईकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए गलियों और मोहल्लों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई बार कूड़ा-कचरा समय से नहीं उठ पाने की स्थिति में मोहल्लों में गंदगी फैलने लगती है। इससे नगरवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सफाईकर्मियों को बारिश से बचाने के साथ उनकी कार्यक्षमता बनाए रखना जरूरी है।
चेयरमैन ने बताया कि रेनकोट वितरण का उद्देश्य सफाईकर्मियों को बारिश से बचाव के लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि खराब मौसम के बावजूद वे सुरक्षित तरीके से अपने कार्य को अंजाम दे सकें और नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
रेनकोट मिलने के बाद सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत प्रशासन के प्रति आभार जताया। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी चेयरमैन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सफाईकर्मियों की सुविधा का ध्यान रखने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
