भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी टीम का एलान कर दिया है। दोनों टीमों के बीच ये सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जानी है। भारत के खिलाफ सीरीज के लिए अफगानी टीम ने स्टार से भरे स्क्वाड का एलान किया है। सीरीज में राशिद खान जैसे दिग्गज गेंदबाज खेलते हुए दिखाई देंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच आखिरी बार कोई टी20 सीरीज जनवरी 2024 में खेली गई थी। उसके बाद पहली बार ये दोनों टीमें इस फॉर्मट में द्विपक्षीय सीरीज में खेलती हुई दिखाई देंगी। उस सीरीज को भारत ने 3-0 से अपने नाम किया था। अब इस सीरीज में टीम इंडिया वही कारनामा दोहराना चाहेगी। अफगानी टीम की कप्तानी इब्राहिम जादरान करते हुए दिखाई देंगे।
नवीन उल हक की वापसी
तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने लंबे समय बाद अफगानिस्तान की टीम में वापसी की है। वे चोट की वजह से पिछले साल एशिया कप नहीं खेल सके थे। भारत की मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का भी वे हिस्सा नहीं थे। चोट के बाद नवीन भारत के खिलाफ वापसी करेंगे। 26 वर्षीय गेंदबाज ने वनडे फॉर्मेट से पहले ही संन्यास का एलान कर दिया था।
दिल्ली में खेली जाएगी सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी। पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 और फिर अंतिम मैच 17 सितंबर को होगा। भारत भले ही अपने घर पर ये सीरीज खेलेगा लेकिन अफगानी टीम होस्ट नेशन के तौर पर खेलेगी। यानी भारतीय टीम अपने ही घर में मेहमान होगी।
राशिद खान की वापसी
अफगानी टीम में राशिद खान की वापसी हुई है। वे भारत के खिलाफ खेलते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को भी टीम में जगह मिली है। अफगानिस्तान ने दौरे के लिए 15 सदस्यीय स्क्वाड का एलान किया है। इसके अलाना तीन रिजर्व खिलाड़ी भी शामिल किए हैं।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान का स्क्वाड
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सदिकुल्लाह अतल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलाबदीन नाईब, नूर रहमान, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, नवीन उल हक, अब्दुल्ला अहमदजई।
