जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गोविंद साहब पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । जनपद में प्रस्तावित माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के प्राचीन एवं सुप्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
माननीय मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के दृष्टिगत निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, मंच, वीआईपी आगमन-प्रस्थान मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य अपेक्षित समय में पूर्ण समन्वय के साथ संपन्न कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक व्यवस्था का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर उसकी प्रगति की समीक्षा की जाए।
इस दौरान अधिकारी द्वय ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड), अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, उप जिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार आलापुर सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
