कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की सेवा का जज्बा लगातार चौथे दिन भी कायम है। समाजसेवी बरकत अली के नेतृत्व में सीएचसी अकबरपुर के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी 24 घंटे कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं।स्वास्थ्य विभाग के आदेश पर पुरानी तहसील तिराहा पर लगे निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप में चिकित्सकीय टीम तीन शिफ्ट में ड्यूटी कर रही है। प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉ. स्वर्णिमा वर्मा, शिवरतन, अमित और अनीश; दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक डॉ. रविकांत वर्मा, मयंक दुबे और अफजल; तथा रात्रि 8 बजे से प्रातः 8 बजे तक दिव्यांश कनौजिया और वंश कनौजिया उपचार कर रहे हैं।समाजसेवी बरकत अली आज चौथे दिन भी कैंप पहुंचे। उन्होंने उपचार के लिए आए शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत और सम्मान किया। बरकत अली ने कहा, “बाबा भोले के भक्त दूर-दूर से जल लेकर आते हैं। रास्ते में उन्हें कोई तकलीफ न हो इसलिए यह सेवा की जा रही है। डॉक्टरों की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। हमारा प्रयास है कि हर कांवड़िया स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे।”कैंप में आने वाले श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य कर्मियों और समाजसेवी बरकत अली के इस प्रयास की खूब सराहना की। लोगों ने कहा कि बरकत अली हर साल की तरह इस बार भी मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं।
