आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर । जौनपुर जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान राशीपुर गांव निवासी अनुज यादव के रूप में हुई है।
बताया गया कि मंगलवार को अनुज यादव इजरी गांव के पास रेलवे ट्रैक की ओर गया था। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना जलालपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
उधर, युवक की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। अनुज की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
.jpeg)