आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जमदग्नि ऋषि की पावन धरती जौनपुर एक बार फिर श्रीराम कथा की अमृतवाणी से गुंजायमान होने जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा व्यास पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज के मुखारविंद से आगामी 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक बीआरपी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा आयोजन से पूर्व विशाल कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
श्रीराम कथा को लेकर जिले के श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का माहौल है। आयोजकों की ओर से कथा को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
पहले भी हो चुका है भव्य आयोजन
बीआरपी इंटर कॉलेज का मैदान इससे पहले भी बड़े धार्मिक आयोजनों का साक्षी रहा है। वर्ष 2023 में सेवा भारती के नेतृत्व में वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा इसी मैदान पर पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज की श्रीराम कथा का आयोजन कराया गया था। उस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष पहचान दिलाई थी।
इसके बाद वर्ष 2024 में इसी परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास पूज्य प्रेमभूषण जी महाराज की विशाल श्रीराम कथा आयोजित की गई थी। लगातार तीसरे बड़े आयोजन की तैयारी से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कैलाशपति में हुआ संकल्प-पूजन
श्रीराम कथा के सफल आयोजन की कामना को लेकर कैलाशपति, गोधना स्थित निज निवास पर पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज के आगमन पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने सपरिवार उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के शुभ अवसर पर पूज्य महाराज जी ने आगामी कलश यात्रा और श्रीराम कथा के सफल, मंगलमय एवं जनकल्याणकारी आयोजन के लिए विधि-विधान से संकल्प-पूजन कराया।
इस दौरान आयोजन की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजकों का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
संस्कार और सामाजिक समरसता का देगा संदेश
ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, मर्यादा, सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस बार भी कथा को ऐसा भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकें और इसका आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज होने लगी हैं और श्रद्धालुओं में कथा के प्रति उत्सुकता बढ़ रही है।
इस अवसर पर प्रांत कार्यवाह काशी प्रांत मुरली पाल, विभाग अध्यक्ष सेवा भारती जौनपुर डॉ. तेज सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
