देवल संवाददाता, गाजीपुर। विद्युत वितरण व्यवस्था को पटरी पर लाने और राजस्व वसूली में तेजी के लिए नवागत अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने पारा विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 5 किलोवाट से अधिक भार वाले उपभोक्ताओं की समीक्षा की और बकायेदारों से राजस्व वसूली को लेकर अवर अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को बकायेदार उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर विद्युत बिल की वसूली सुनिश्चित करने को कहा। उपकेंद्र पारा पर 33 केवी वीसीबी में आ रही तकनीकी समस्या का भी अधिशासी अभियंता ने जायजा लिया। उन्होंने समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं पारा उपकेंद्र से निर्गत भाला फीडर का निरीक्षण करने पर ओवरलोड की समस्या सामने आई। इसके चलते भाला फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी। स्थिति को देखते हुए अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता उमाशंकर को भाला फीडर का करीब आधा लोड अन्य फीडर पर स्थानांतरित करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि ओवरलोड कम कर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जा सके। अधिशाषी अभियंता ने सब डिविजन पारा के अंतर्गत सभी उपकेंद्रवार अवर अभियंताओं संग जले ट्रांसफार्मरो की समीक्षा की जिसमें उन्होंने उचित क्षमता का फ्यूज वायर लगाने का निर्देश दिया वही जो भी क्षेत्र me ओभर लोड ट्रांसफार्मर है उसको क्षमता वृद्धि हेतु प्राक्कलन बनाकर खंडिया कार्यालय में तत्काल प्रेषित किया जाय ताकि समय से उच्चाधिकारियों से अनुमोदन लेकर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाय। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर भी जांचा गया। अधिशासी अभियंता ने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छोटे से लेकर बड़े फॉल्ट तक का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाते हुए अधिशासी अभियंता ने कहा कि शटडाउन लेने वाले लाइनमैन और अन्य कर्मचारी अनिवार्य रूप से सेफ्टी किट का इस्तेमाल करें। शटडाउन देने वाले कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि लाइनमैन को शटडाउन देने से पहले वर्कफोर्स एप पर विधिवत एंट्री की जाए और कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक छोटी सी लापरवाही कर्मचारी की जान पर भारी पड़ सकती है। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने से पहले सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। नवागत अधिशासी अभियंता के औचक निरीक्षण से पारा उपकेंद्र के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण में राजस्व वसूली, ओवरलोड फीडर, तकनीकी खामियों, फॉल्ट निस्तारण और कर्मचारी सुरक्षा को लेकर विभागीय व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
पारा उपकेंद्र पर नवागत एक्सियन विनोद कुमार का औचक निरीक्षण, ओवरलोड फीडर को दो भागों में बांटने का दिया निर्देश
अगस्त 12, 2026
0
Tags
