दौड़ और ड्रिल के जरिए पुलिसकर्मियों की फिटनेस पर जोर, अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने और पुलिस व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन जौनपुर के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन गोल्डी गुप्ता ने परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने निर्धारित अनुशासन और वर्दी में हिस्सा लिया। एएसपी ने जवानों की शारीरिक दक्षता का जायजा लेते हुए उन्हें नियमित रूप से व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से दौड़ कराई गई तथा विभिन्न प्रकार की ड्रिल का अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना उनकी ड्यूटी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
परेड समाप्त होने के बाद एएसपी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार, जीपी स्टोर, पुलिस अस्पताल और कैंटीन सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, सामान के रखरखाव तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद एएसपी ने आदेश कक्ष में कर्मचारियों का ओआर (ऑर्डरली रूम) किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन से संबंधित विभिन्न अभिलेखों और दस्तावेजों का अवलोकन किया तथा उनमें दर्ज सूचनाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय से अद्यतन रखने और आवश्यक कार्रवाई को नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एएसपी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, कार्य के प्रति जिम्मेदारी और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सजग रहने के साथ ही अपने कार्यस्थल और आसपास के परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और बेहतर कार्य वातावरण से पुलिस की कार्यक्षमता में और सुधार होगा।
