158 कार्यों का लोकार्पण, 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास कर विकास को दिया विस्तार
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद अम्बेडकरनगर के तहसील आलापुर अंतर्गत विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब में विधानसभा टांडा, आलापुर और जलालपुर क्षेत्रों में कुल 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों की 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और चेक वितरित किए।
माननीय मुख्यमंत्री जी के जनपद में आगमन पर हेलीपैड पर माननीय जनप्रतिनिधिगण द्वारा एवं एडीजी जोन प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त अयोध्या मंडल अयोध्या राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया सहित अन्य अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा गोविंद साहब स्थित राम जानकी मंदिर एवं गोविंद साहब की समझ में दर्शन पूजन किया गया। तदोपरांत माननीय मुख्यमंत्री जी ने बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में बच्चों को प्यार एवं दुलार के साथ अन्नप्राशन किया तथा महिलाओं के गोदभराई कार्यक्रम के उपरांत माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा के विभिन्न प्रतिभाशाली बच्चों द्वारा निर्मित मॉडल का अवलोकन किया गया तथा उनके मॉडल की सराहना कर उन्हें प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया गया।
इसके उपरांत माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बहुत जल्द युवा नीति लाएगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग और रोजगार पर फोकस होगा। साथ ही नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के जरिए सिद्धार्थनगर के बांसी से बस्ती होते हुए प्रयागराज को जोड़ने और इस मार्ग को चित्रकूट से आगे सुदूर दक्षिण भारत तक ले जाने की योजना है, जिसका महत्वपूर्ण केंद्र अंबेडकरनगर बनेगा।
उन्होंने कहा कि 7 अगस्त का दिन इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि वर्ष 1905 में इसी दिन स्वाधीनता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए 'स्वदेशी' को अपना मंत्र बनाया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कटेहरी उपचुनाव में जनता ने धर्मराज निषाद को विजयी बनाया था। इसके बाद आज उन्हें एक बार फिर क्षेत्र में आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि गोविंद साहब धाम आने का यह उनका पहला अवसर है और संभवतः वह यहां आने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। सैकड़ों वर्षों से आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र रहा यह पवित्र धाम लोगों को अपनी विरासत से जुड़ने की प्रेरणा देता है। गोविंद साहब की पवित्र समाधि और नवनिर्मित राम-जानकी मंदिर में दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
*हमारे जनप्रतिनिधियों ने जो कहा है, उसके अनुरूप मेले को राजकीय परंपरा और सुविधाओं से जोड़ेंगे*
उन्होंने कहा कि माघ मेले में यहां बहुत बड़ा मेला लगता है। लाखों श्रद्धालु आते हैं। सर्दी की ठिठुरन के बावजूद अपनी विरासत के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता ज्ञापित करने का भाव यहां के लोगों में रहता है। अब यह मेला राजकीय मेले के रूप में मान्यता प्राप्त करेगा। हमारे जनप्रतिनिधियों ने जो कहा है, उसके अनुरूप इस मेले को हम राजकीय परंपरा और सुविधाओं से जोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि जब विगत वर्ष कटेहरी चुनाव के तत्काल बाद आया था, तब 1500 करोड़ रुपये की सौगात यहां का कर्ज चुकता करने के लिए आया था और आज 706 करोड़ रुपये का यह उपहार अंबेडकर नगर वासियों को प्रदान करता हूं।
*विकास का मॉडल देखना है तो अंबेडकर नगर आकर देखिए*
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मॉडल देखना है तो अंबेडकर नगर आकर देखिए। जनपद एक नहीं, बल्कि दो-दो एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है। यहां के मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण करके लोगों को ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं की सुविधा मिले, सरकार ने इन सभी कार्यों को किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की तीन महत्वपूर्ण आधारशिलाएं विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका हैं। तीनों के कार्यक्षेत्र, सीमाएं और लक्ष्मण रेखाएं तय हैं। आपसी समन्वय के साथ ये तीनों संस्थाएं विकास कार्यों को गति देने का काम करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट में सामाजिक न्याय की विभूतियों, महापुरुषों, संतों और ऋषियों के सम्मान के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया था। महर्षि वाल्मीकि, सद्गुरु संत रविदास, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, छत्रपति शाहू जी महाराज और ज्योतिबा फुले समेत अन्य महापुरुषों से जुड़े स्मारकों और प्रतिमाओं पर छतरी लगाने के साथ सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल और गेट के निर्माण की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुंडा और कर्फ्यू मुक्त है। नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार मिल रहा है। प्रदेश सरकार नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजने के साथ उनकी बाप-दादों की कमाई तक जब्त कर गरीबों में बांट दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छात्रों के भविष्य, छात्रवृत्ति और नौजवानों के हक पर कोई डाका नहीं डाल सकता। बेटी से छेड़खानी या व्यापारी को धमकाने का भी कोई दुस्साहस नहीं कर सकता। सरकार ने तय कर रखा है कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं।
उन्होंने कहा कि आज 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट', 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज' और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' है। सरकार हर जिले के व्यंजनों को भी पहचान देकर आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों के जीवन में बदलाव और हर गरीब को उसका अधिकार दिलाने के लिए काम कर रही है। प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 10 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के आयुष्मान भारत का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे जन्म से मूक-बधिर हैं, उनकी सर्जरी में छह लाख रुपये तक खर्च हो रहे हैं। सरकार ने तय किया है कि इसका पूरा खर्च वह उठाएगी। जो बच्चे निराश्रित हैं या कोविड कालखंड में अपने माता अथवा पिता को खो चुके हैं, उनका पूरा खर्च सरकार मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत उठा रही है। उन्हें चार हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई गरीब बीमार है तो वह किसी भी जाति, क्षेत्र, मत या मजहब का हो, हमारे लिए वह प्रदेश का नागरिक है। अगर उसके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है तो मुख्यमंत्री राहत कोष से उसके उपचार के लिए पैसा दिया जाएगा। जनप्रतिनिधि उसकी सिफारिश करेंगे और इलाज के खर्च का भार सरकार उठाएगी। निराश्रित महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांगजनों को दिव्यांगजन पेंशन दी जा रही है। एक करोड़ 10 लाख परिवारों को पेंशन की सुविधा का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज हर गांव को कनेक्टिविटी और बिजली से जोड़ने के साथ हर खेत तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
*बच्चों के हंसते चेहरे बता रहे कि उनका भविष्य सुरक्षित है*
माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नप्राशन के दौरान मां की गोद में आए दो बच्चों को जब उन्होंने अपनी गोद में लिया तो उनके हंसते चेहरे बता रहे थे कि उनका भविष्य सुरक्षित है। डबल इंजन की सरकार उनके बचपन को सुरक्षित कर रही है।
माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उसी बहराइच में मेडिकल कॉलेज का नामकरण महाराजा सुहेलदेव के नाम पर किया गया है। वहां महाराजा सुहेलदेव की 56 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा उनके विजय स्मारक के रूप में स्थापित है, जो भारत के सनातन की ध्वजा को लेकर देश को गौरव की अनुभूति कराती है।
उन्होंने कहा कि उसी स्थान पर महाराजा सुहेलदेव ने तीन लाख की सेना के साथ सालार मसूद गाजी को पराजित किया था। आज महाराजा सुहेलदेव के नाम पर आजमगढ़ में विश्वविद्यालय संचालित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कि हमारी डबल इंजन की एनडीए सरकार ने वीरांगना ऊदा देवी, वीरांगना झलकारी बाई कोरी और वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला पीएसी की तीन बटालियनों का गठन किया है। इनमें प्रदेश की बेटियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और वे प्रदेश की सुरक्षा के लिए दुर्गा वाहिनी के रूप में निकलकर गुंडों और अपराधियों का काम तमाम करेंगी।
माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में आज यहां के लोगों को देश में जहां कहीं भी जाने पर सम्मान मिलता है। अब उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर 10 कदम दूर बैठा व्यक्ति भी पास आकर गले मिलने के लिए उतावला होता है। सामने वाले के चेहरे की चमक बताती है कि आज वह भी यूपी के नाम पर गौरव की अनुभूति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान को यह गौरव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मिला है। काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। आज नई अयोध्या अपने वैभव के साथ दुनिया के सामने है। प्रयागराज जाएंगे तो बदला हुआ प्रयागराज दिखाई देगा। मां विंध्यवासिनी धाम का स्वरूप बदल चुका है। नैमिषारण्य में नया नैमिषारण्य नजर आता है और मथुरा-वृंदावन एक बार फिर द्वापर युग और कृष्ण कन्हैया की स्मृतियों को जीवंत कर रहा है।
*लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर हर जिले में एक एम्प्लॉयमेंट जोन बनेगा*
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने उनकी स्किलिंग, रोजगार और अच्छी शिक्षा के साथ उन्हें हर जगह सम्मान दिलाने के लिए योजनाएं बनाई हैं। उत्तर प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं में उन्हें अग्रणी भूमिका में आगे बढ़ाने के लिए अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था का विस्तार किया गया है। सरकार बहुत जल्द युवा नीति लाने जा रही है। युवा ही नेतृत्व करेगा और अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग और रोजगार के लिए आगे बढ़कर काम करेगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर हर जिले में एक एम्प्लॉयमेंट जोन बनाया जाएगा, जिसमें युवाओं की स्किलिंग के साथ रोजगार की भी व्यवस्था होगी। सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार निषादराज को सम्मान मिला है। श्रृंगवेरपुर जाने पर भगवान श्रीराम और निषादराज के गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा त्रेता युग का स्मरण कराती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने जो मुद्दे उनके सामने रखे हैं, सरकार उन पर कार्य करेगी। जहां बस स्टैंड की आवश्यकता होगी, वहां बस स्टैंड बनाए जाएंगे। जहां अतिरिक्त अस्पताल बनाने या अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता होगी, सरकार वह भी करेगी। इंफ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी और टेक्सटाइल पार्क के लिए जो भी आवश्यक होगा, सरकार करेगी।
उन्होंने कहा कि आज सरकार जिस सख्ती से गुंडों से निपट रही है, उसने हर बच्चे के भविष्य को उज्ज्वल किया है, हर बहन-बेटी को सम्मान और हर व्यापारी को सुरक्षा प्रदान की है। अन्नदाता किसानों के चेहरे पर खुशहाली आई है और हर कारीगर सम्मान के साथ अपनी कारीगरी एवं हस्तशिल्प के वैभव को वैश्विक पटल पर ले जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर उनके पास या तो रितेश पांडे आते हैं, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद आते हैं, विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे आते हैं या क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी आते हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सेंध लगाने वालों को रोका गया है। जमीनों पर कब्जा और अवैध खनन रोका गया है। इन गतिविधियों पर रोक लगाकर वही पैसा विकास कार्यों में लगाया जा रहा है और इसका परिणाम आज अंबेडकर नगर में दिखाई दे रहा है।
*सीएम के हाथों लाभार्थियों को मिली सौगात*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अम्बेडकरनगर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सौगात दी। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला समूहों से जुड़ी लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा स्वरोजगार, स्वास्थ्य, आवास, कृषि और कृषक दुर्घटना कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत आकृति राव और उत्कर्ष तिवारी की कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी पर 5.75-5.75 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के तहत हृदय रोग से उपचारित अंशी और जूही को चेक प्रदान किया गया। महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत आयुषी एवं अंशिका को ढाई– ढाई हजार रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति का पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रमोद कुमार गुप्ता को फ्लोर मिल और आरुषि यादव को ब्यूटी पार्लर के लिए पांच-पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत रीता देवी को कपड़ा व्यवसाय के लिए 48 लाख रुपये का चेक दिया गया।
कृषि विभाग की ओर से वंदना पटेल को ड्रोन दीदी का प्रमाण पत्र दिया गया गया। कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत सदस्य कृषक अभिषेक तिवारी को चाबी सौंपी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत रीना सोनी, मीरा देवी और कल्पनाथ को गृह प्रवेश के लिए सांकेतिक चाबी दी गई।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत उर्मिला और यमुरता देवी को पांच-पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ऊषा मौर्य को 469.50 लाख रुपये का चेक और उमा सिंह को 86.40 लाख रुपये का आरएफ चेक दिया गया। वहीं, मेधावी छात्रों में प्रियांशु चौरसिया के अलावा छात्र ध्रुव प्रताप सिंह की माता रंजना सिंह ने सम्मान ग्रहण किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा 'साधु', विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद रितेश पांडे, भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व विधायक जयराम विमल, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा मिथलेश त्रिपाठी, कपिल देव वर्मा आदि उपस्थित रहे।