आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए जौनपुर पुलिस की साइबर टीम ने राहत की खबर दी है। साइबर क्राइम थाना/सेल और विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 200 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल के जरिए अब तक जिले में कुल 1,941 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने के बाद स्वामियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस टीम ने जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी मोबाइल बरामद किए। जांच के दौरान दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस की तकनीकी टीम ने IMEI नंबर और CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों की लोकेशन और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाकर उन्हें ट्रेस किया।
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें अथवा साइबर अपराध की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें। बैंक से जुड़ी जानकारी के लिए सीधे संबंधित बैंक से संपर्क करें। अनजान व्यक्ति के बताए निर्देशों पर अमल न करें, निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और अज्ञात लोगों से वीडियो कॉल करने से भी सावधान रहें।
