देवल संवाददाता, मऊ। जनपद मऊ में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ हो गया है। अभियान के सफल संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग,जिला पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग,नगर निकाय सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिम्मेदारी ली है।सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करेंगे।इस वर्ष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में माइक्रो प्लान के अनुसार टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में स्वच्छता कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है,जो नियमित रूप से नालियों की सफाई,जलभराव समाप्त करने, कचरा निस्तारण, एंटी लार्वा गतिविधियां तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित कर रही हैं, ताकि डेंगू,मलेरिया, चिकनगुनिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छता सबसे प्रभावी उपाय है। ग्राम पंचायतों में माइक्रो प्लान के अनुरूप स्वच्छता कर्मियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सभी ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई,जलभराव की रोकथाम एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जनसहभागिता से ही इस अभियान को पूर्ण सफलता मिलेगी।जिला सलाहकार (एसबीएम-जी,आईईसी/एचआरडी) अंकित कुमार सिंह ने सुझाव दिया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान तभी प्रभावी होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। सप्ताह में कम से कम एक दिन 'ड्राई डे' मनाते हुए पानी के सभी पात्रों को खाली करें,कूलर एवं टंकियों की नियमित सफाई करें तथा कहीं भी जलभराव न होने दें। स्वच्छ ग्राम ही स्वस्थ समाज की नींव है।जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सक्रिय सहयोग करें,अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वच्छ एवं स्वस्थ मऊ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
