कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद की थाना अलीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग, अतिक्रमण और धमकी जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी टांडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में थाना अलीगंज पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 144/2024 में वांछित अभियुक्त बृजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय जितेन्द्र नाथ, निवासी कौड़िया ठकठौलिया, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को 3 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:20 बजे काश्मीरिया तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना अलीगंज में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 419, 420, 447, 467, 468, 471 एवं 506 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आजमगढ़ और अम्बेडकरनगर जनपद के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, लूट, आपराधिक विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में पूर्व से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवीश कुमार, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार सरोज तथा हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव शामिल रहे।
